मनोहरपुर से गायब तीन नाबालिग बच्चियां 12 घंटे में बरामद, दो किशोर निरुद्ध
चाईबासा, 23 सितंबर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के द्रीपशीला गांव से गायब तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया। बच्चियों की बरामदगी चिरिया ओपी थाना क्षेत्र से हुई है। मामले में पुलिस ने दो किशोरों को भी निरुद्ध किया है।
इस संबंध में मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि द्रीपशीला गांव निवासी राजवती मरांडी के लिखित आवेदन पर मनोहरपुर थाना में तीन नाबालिग बच्चियों के अपहरण के आरोप में दो अज्ञात लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। राजवती के अनुसार, तीनों बच्चियों में दो उनकी बेटियां हैं, जबकि तीसरी बच्ची मुन्ना बेसरा की है।
परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां 17 सितंबर की शाम करीब सात बजे मुन्ना बेसरा के घर जाने की बात कहकर निकली थीं। इसके बाद तीनों बच्चियां घर नहीं लौटीं। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका पता नहीं चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। थाना प्रभारी अमिएल एक्का के नेतृत्व में एसआई विवेक कुमार, एसएआई नवकिशोर कुदादा समेत सशस्त्र बल और तकनीकी शाखा की मदद से कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने चिरिया ओपी क्षेत्र से तीनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में संलिप्त बताए जा रहे दो किशोरों को विधिवत निरुद्ध कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।



