कपाली के 21 वार्ड पार्षदों ने उठाई समस्याओं के समाधान की मांग, पाइपलाइन कार्य रोकने की चेतावनी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कपाली के 21 वार्ड पार्षदों ने उठाई समस्याओं के समाधान की मांग, पाइपलाइन कार्य रोकने की चेतावनी

चांडिल, 21 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत कपाली नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर सभी 21 वार्ड पार्षदों ने एकजुट होकर आवाज उठाई है। वार्ड संख्या 14 के पार्षद मोहम्मद मुमताज अंसारी के आवास पर आयोजित बैठक में पार्षदों ने सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट समेत कई जनसमस्याओं पर चर्चा की। पार्षदों ने आरोप लगाया कि बार-बार समस्याओं को उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ रही है।

बैठक के बाद पार्षदों ने प्रेस वार्ता के माध्यम से अपनी मांगों को सार्वजनिक किया। उन्होंने WOG कंपनी के साथ हुई बैठक का हवाला देते हुए करीब 65 से 70 करोड़ रुपये की पाइपलाइन योजना में कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाए। पार्षदों के अनुसार, योजना के तहत करीब 4,500 घरों में नए कनेक्शन तथा लगभग 6,000 पुराने कनेक्शनों के अलावा करीब 2,500 अन्य पुराने कनेक्शनों में मीटर लगाने की बात सामने आई है। पार्षदों ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी योजना के बावजूद लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध क्यों नहीं हो पा रहा है।

पार्षदों ने पुरानी पाइपलाइन और पानी की टंकियों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सरकारी राशि से तैयार पुरानी व्यवस्था के खराब होने से सरकारी धन का नुकसान हो रहा है। उन्होंने ठेकेदार की कार्यशैली की जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

पार्षदों ने स्पष्ट किया कि जब तक नगर परिषद क्षेत्र के सभी लोगों को समान रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक वे मीटर लगाने की अनुमति नहीं देंगे। इसके साथ ही सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट के स्वीकृत टेंडरों के कार्य को धरातल पर शुरू कराने की मांग की गई। पार्षदों के मुताबिक, कई स्वीकृत कार्यों को सात महीने बीत जाने के बावजूद शुरू नहीं किया गया है।

पार्षदों ने नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कार्यपालक पदाधिकारी से सभी समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट समेत प्रमुख समस्याओं का स्पष्ट समाधान होने तक कपाली नगर परिषद के किसी भी वार्ड में पाइपलाइन का काम नहीं होने दिया जाएगा।

बैठक में वार्ड पार्षद संतोष कुमार महतो, मोहम्मद इनामुल हक, अब्दुल अंसारी, हफीजुद्दीन अंसारी, मोहम्मद असलम अंसारी, रजिया मंजर, मोहम्मद एजाज अंसारी, साधन मंडल, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद फरीद समेत हीरो, कालो, नसीम, सरवन सिंह आदि उपस्थित थे।

Share This Article