कोल्हान में झारखंड बंद का व्यापक असर, सुबह 5 बजे से सड़कों पर उतरे समर्थक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कोल्हान में झारखंड बंद का व्यापक असर, सुबह 5 बजे से सड़कों पर उतरे समर्थक

चाईबासा, 17 जनवरी : खूंटी के पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में शनिवार को आहूत झारखंड बंद का कोल्हान में व्यापक असर देखा जा रहा है। प्रमंडल मुख्यालय चाईबासा समेत आसपास के क्षेत्र में सुबह से ही बंद समर्थक सड़क पर उतरकर बंद को सफल बनाने जुटे हुए हैं। चाईबासा, झींकपानी, जगन्नाथपुर, मझगांव, नोवामुंडी समेत कोल्हान के सभी छोटे-बड़े शहरों में झारखंड बंद के समर्थकों ने सुबह 5 बजे से बंदी की अगुवाई शुरू कर दी। बंद समर्थक सड़कों पर उतरकर दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करा रहे हैं। कई स्थानों पर टायर जलाकर और नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

बंद का असर सुबह से ही देखने को मिला। चाईबासा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसरा है, वहीं झींकपानी, मझगांव और जगन्नाथपुर में भी बाजार पूरी तरह बंद है। नोवामुंडी में खदान क्षेत्र और मुख्य सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। बंद समर्थकों ने वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे यात्री बसें और मालवाहक वाहन सड़कों से नदारद रहे।

बंद को लेकर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्त की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक कहीं से हिंसा की सूचना नहीं मिली है। बंद समर्थकों का कहना है कि यह आंदोलन जनहित के मुद्दों को लेकर किया जा रहा है और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, संघर्ष जारी रहेगा।

Share This Article