पीडीएस में अनियमितता पर कार्रवाई, डीलर विनोद नायक गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पीडीएस में अनियमितता पर कार्रवाई, डीलर विनोद नायक गिरफ्तार

खरसावां, 16 सितंबर : सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न वितरण में अनियमितता के मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पीडीएस डीलर विनोद नायक (45) को गिरफ्तार किया है। खरसावां थाना में दर्ज मामले के अनुसंधान एवं तथ्यों के सत्यापन के बाद पुलिस ने बुधवार को यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, खरसावां प्रखंड के निलंबित जन वितरण प्रणाली दुकानों के खाद्यान्न स्टॉक और अभिलेखों के विशेष सत्यापन के दौरान ग्राम तेलीसाई स्थित पीडीएस दुकान में स्टॉक से संबंधित गंभीर अनियमितता सामने आई थी। अभिलेखों के अनुसार दुकान में 15,142 किलोग्राम चावल और 3,892 किलोग्राम गेहूं का स्टॉक होना अपेक्षित था। हालांकि, भौतिक सत्यापन के दौरान चावल का स्टॉक शून्य पाया गया।

मामले को लेकर 29 मई 2026 को खरसावां थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में BNS की धारा 316(5) और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी के अनुसंधान और उपलब्ध तथ्यों के सत्यापन के क्रम में विनोद नायक की गिरफ्तारी की गई है।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न के स्टॉक, अभिलेखों और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं सत्यापन किया जा रहा है। जांच के दौरान अनियमितता, खाद्यान्न के दुरुपयोग, गबन या अभिलेखों में विसंगति पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने कहा है कि पीडीएस पात्र लाभुकों के खाद्य सुरक्षा अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसमें पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article