जिले में तीन आयुष स्वास्थ्य शिविर, 239 मरीजों की हुई निःशुल्क जांच
सरायकेला, 16 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार को जिला आयुष समिति के निर्देश पर आयुष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में ग्रामीणों एवं वयोवृद्ध लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आयुष चिकित्सा और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही लोगों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
खरसावां प्रखंड के चामरुडीह गांव में आयोजित वयोवृद्ध आयुष स्वास्थ्य शिविर में 87 मरीजों की जांच की गई। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार आयुष चिकित्सा एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच भी की गई। लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श देने के साथ योग के विभिन्न अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया गया।
ईचागढ़ प्रखंड के गोरंकोचा गांव में आयोजित आयुष ग्राम हेल्थ कैंप में 54 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों का होम्योपैथी पद्धति से उपचार किया गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इस दौरान योग प्रशिक्षण के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, आयुष आरोग्य मंदिर, सुरसी में मस्क्युलोस्केलेटल एवं ऑस्टियोआर्थराइटिस स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। यहां 98 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरत के अनुसार आयुष पद्धति की दवाएं उपलब्ध कराई गईं। मरीजों को नियमित स्वास्थ्य देखभाल, योग और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।
तीनों शिविरों में कुल 239 मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया गया। शिविरों के माध्यम से ग्रामीण और वयोवृद्ध लोगों को उनके आसपास स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ आयुष चिकित्सा, योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।



