जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अतिक्रमण, अवैध खनन, जमीन विवाद से लेकर आवास व प्रमाण पत्र की समस्याएं पहुंचीं, समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश

जमशेदपुर, 15 सितंबर : समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन एवं ज्ञापन उपायुक्त को सौंपे।

जन शिकायत निवारण दिवस में सड़क अतिक्रमण, अवैध खनन, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, जाति, आवासीय एवं जन्म प्रमाण पत्र, ऑनलाइन लगान जमा करने में आ रही परेशानी, गंभीर बीमारी के इलाज के लिए चिकित्सा सहायता, जमीन विवाद, जर्जर विद्युत खंभे को हटाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

इसके अलावा लोगों ने निजी समस्याओं के साथ-साथ सामाजिक एवं जनहित से जुड़े मामलों को भी उपायुक्त के समक्ष रखा।

उपायुक्त राजीव रंजन ने नागरिकों की समस्याओं को सुनने के बाद प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए तथा पात्र लाभुकों को सरकार की योजनाओं एवं विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने में किसी तरह की अनावश्यक देरी न हो।

Share This Article