जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने की शिक्षा-स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति और एमडीएम की गुणवत्ता पर जोर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कुकड़ू में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण शिलान्यास स्थल पर ही कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

सरायकेला, 15 सितंबर : जिला परिषद सभागार में मंगलवार को शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा को लेकर स्थायी समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद की स्थायी समिति की अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने की। इस दौरान शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, विद्यालय भवनों की स्थिति, शौचालय की व्यवस्था, मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता तथा शिक्षकों के स्थानांतरण से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के साथ मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति तथा अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई की व्यवस्था की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

सर्पदंश को लेकर स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने का निर्देश

वर्षा ऋतु में बढ़ने वाली सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए बैठक में विशेष चर्चा की गई। अध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से सर्पदंश की स्थिति में किसी तरह का घरेलू उपचार या देरी करने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की।

कुकड़ू में नए पीएचसी भवन को लेकर अहम फैसला

बैठक में कुकड़ू प्रखंड में प्रस्तावित नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण पर भी चर्चा हुई। जानकारी के अनुसार 15वें वित्त आयोग की राशि से पीएचसी भवन निर्माण की स्वीकृति के बाद 1 अगस्त 2025 को जिला परिषद द्वारा संविदा प्रक्रिया पूरी कर 1.96 एकड़ जमीन की उपलब्धता, टेंडर एवं संवेदक चयन के बाद कार्यादेश निर्गत किया गया है।

सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद बैठक में शिलान्यास स्थल पर ही नए पीएचसी भवन का निर्माण कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में स्थायी समिति की सदस्य झिंगी हेंब्रम, मालती देवगम, सुभाषिनी सिंह मुंडा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार, डॉ. अनिर्बान महतो समेत अन्य अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article