18 वर्ष पूरे कर चुके विद्यार्थियों का होगा मतदाता पंजीकरण, स्कूल-कॉलेजों में ELC को मिलेगा बढ़ावा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सरायकेला, 15 सितंबर : विद्यालय एवं महाविद्यालयों में Electoral Literacy Club (ELC) को सक्रिय बनाने और युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने को लेकर मंगलवार को NIC सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा समेत संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में स्कूल-कॉलेजों में ELC के गठन एवं पुनर्गठन, विद्यार्थियों की सहभागिता, मतदाता पंजीकरण और निर्वाचन साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों के संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संस्थान प्रमुखों को ELC के लिए एक शिक्षक या फैकल्टी सदस्य को Coordinator नामित करने तथा क्लब की गतिविधियों, अभिलेख संधारण और पोर्टल पर रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र विद्यार्थियों का Form-6 से पंजीकरण प्राथमिकता

बैठक में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र विद्यार्थियों का Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने पर विशेष जोर दिया गया। प्रधानाध्यापकों एवं संस्थान प्रमुखों को अपने-अपने संस्थानों में ऐसे विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें Form-6 भरने के लिए प्रेरित करने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को उनके मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

पोस्टर से लेकर नुक्कड़ नाटक और चुनावी क्विज तक होंगी गतिविधियां

ELC के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन साक्षरता से जोड़ने के लिए कई रचनात्मक एवं सहभागी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें Chromocracy – Poster & Infographic Challenge, Demos Theatre – Street Play for Democracy, Jurisballot – Mock Electoral Court, Vox Populi – Electoral Debate, Polis Protocol – Electoral Solution Lab, ElectraQuest – Ultimate Election Quiz और CineVote60 – Voter Awareness Reel प्रमुख हैं।

इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया समझने के साथ-साथ चर्चा, तर्क-वितर्क, समस्या समाधान और मतदाता जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।

बेहतर काम करने वाले स्कूल-कॉलेज होंगे सम्मानित

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि Form-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण और ELC की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को जिला स्तर पर प्रोत्साहित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले संबंधित प्रधानाध्यापक या संस्थान प्रमुख को जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में ELC की गतिविधियों का नियमित आयोजन करने, प्रत्येक कार्यक्रम का अभिलेख रखने तथा फोटोग्राफ, वीडियो और गतिविधि प्रतिवेदन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ELC की सभी गतिविधियां गैर-राजनीतिक और निष्पक्ष रखते हुए निर्वाचन साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जिम्मेदार नागरिक सहभागिता पर केंद्रित होनी चाहिए।

Share This Article