स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में उपायुक्त के निर्देश, ग्रामीण क्षेत्रों में सुधार और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 12 सितंबर : समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस माह जिले के सभी प्रखंडों में सामाजिक, व्यावसायिक एवं औद्योगिक संस्थाओं के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित कर ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान लगातार जांच अभियान चलाने तथा समय पर जांच, उपचार और मरीजों का फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नियमित टीकाकरण अभियान के तहत छूटे हुए बच्चों और परिवारों की पहचान कर उन्हें टीकाकरण से जोड़ने को कहा गया।

कुपोषण प्रबंधन की समीक्षा में बहरागोड़ा, घाटशिला, मुसाबनी, पोटका और टेल्को स्थित एमटीसी में बेड ऑक्यूपेंसी बढ़ाने तथा पात्र बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। प्रोजेक्ट उल्लास के तहत मिर्गी रोगियों की पहचान, उपचार और नियमित फॉलोअप के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।

सदर अस्पताल और घाटशिला अनुमंडल अस्पताल की डायलिसिस सेवाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सेवाएं निर्बाध रखने तथा मशीनों के रखरखाव और मरम्मत कार्य समय पर पूरा करने को कहा।

संस्थागत प्रसव को लेकर उपायुक्त ने जिले में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और आंगनबाड़ी केंद्रों तथा स्वास्थ्य उपकेंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में डेंगू, टीबी, कुष्ठ, एनीमिया मुक्त भारत और फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रमों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्क्रीनिंग, जांच और उपचार सेवाओं को मजबूत करने तथा स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

Share This Article