बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल का जमशेदपुर में व्यापक असर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल का जमशेदपुर में व्यापक असर
पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यदिवस और PLI में समानता की मांग को लेकर UFBU के आह्वान पर आंदोलन

जमशेदपुर, 11 सितंबर : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर देशभर में बैंक कर्मचारी और अधिकारी शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल पर रहे। इसका असर लौहनगरी जमशेदपुर में भी देखने को मिला। शहर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न बैंकों की शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं।

हड़ताल कर रहे बैंक कर्मचारियों के अनुसार, वर्ष 2024 में हुए समझौते (MOU) के बाद से पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यदिवस की मांग लंबित है। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) में असमानता को लेकर भी कर्मचारी संगठन लंबे समय से अपनी मांगों को उठा रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि भारत सरकार और वित्तीय सेवा विभाग (DFS) की ओर से इन मांगों पर अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है।

संगठनों का कहना है कि देश के कई वित्तीय संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में पांच दिवसीय कार्यदिवस लागू है। बैंकिंग क्षेत्र में डिजिटल लेन-देन का दायरा भी तेजी से बढ़ा है। ऐसे में कर्मचारियों का कहना है कि कार्य-जीवन संतुलन (Work-Life Balance) को ध्यान में रखते हुए बैंकिंग क्षेत्र में भी पांच दिवसीय कार्यदिवस लागू किया जाना चाहिए।

हड़ताल के आयोजकों के मुताबिक, जमशेदपुर में करीब 400 बैंक शाखाओं, लगभग 350 एटीएम और करीब 800 करोड़ रुपये के बैंकिंग लेन-देन पर असर पड़ने की संभावना है। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाओं के उपलब्ध रहने के बावजूद शाखा स्तर की नियमित बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं।

बैंक कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल से ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए अपनी मांगों के समर्थन में सहयोग की अपील की। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन जमशेदपुर समेत विभिन्न बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों के सदस्यों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

आंदोलन में AIBOC से जुड़े मनोज कुमार, अशोक कुमार, रविनंदन प्रसाद, सत्य प्रकाश, अनिल कुमार, सुदीप्ता मजूमदार, दीपा कुमारी, दिव्यलेखा, अन्नु खलको, विकास कुमार और सुधांशु पाण्डेय समेत कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

संगठनों ने हड़ताल की मांगों को जनता और सरकार तक पहुंचाने में सहयोग के लिए प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का भी आभार जताया।

Share This Article