व्हाट्सएप पर Hii लिखें और पाएं पुलिस की मदद….जोहार पुलिस चैटबॉट की शुरुआत – एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीफ की पहल से पुलिस सेवाएं हुईं आसान

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

व्हाट्सएप पर Hii लिखें और पाएं पुलिस की मदद….जोहार पुलिस चैटबॉट की शुरुआत – एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीफ की पहल से पुलिस सेवाएं हुईं आसान

 

जमशेदपुर, 09 सितंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के लोगों के लिए पुलिस से जुड़ी सेवाएं अब और आसान हो गई हैं। नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने ‘JOHAR POLICE’ चैटबॉट की शुरुआत की है। इस पहल के जरिए लोग अपने मोबाइल फोन से ही व्हाट्सऐप पर पुलिस सेवाओं और जरूरी जानकारियां हासिल कर सकेंगे। इसके लिए बार-बार पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी।

यह पहल पूर्वी सिंहभूम के नए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीफ की सराहनीय सोच और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तकनीक के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच संपर्क को आसान बनाने की यह कोशिश जिले में डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देने वाली पहल है।

व्हाट्सऐप पर सिर्फ ‘Hi’ भेजें

‘JOHAR POLICE’ चैटबॉट का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। इसके लिए लोगों को अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप पर 9471167577 नंबर पर सिर्फ ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। पुलिस की ओर से जारी क्यूआर कोड स्कैन करके भी लोग सीधे चैटबॉट से जुड़ सकते हैं।

मोबाइल गुम होने से लेकर साइबर अपराध तक की जानकारी

चैटबॉट के जरिए खोए हुए मोबाइल फोन से संबंधित जानकारी और सहायता, साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत एवं जरूरी जानकारी, ट्रैफिक मामलों और चालान की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इसके अलावा पासपोर्ट वेरिफिकेशन, कैरेक्टर सर्टिफिकेट और चरित्र सत्यापन से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध होगी।

पुलिस की ओर से किए जाने वाले विभिन्न वेरिफिकेशन की स्थिति तथा पुलिस कार्यालय में जमा किए गए आवेदन या शिकायत का स्टेटस जानने की सुविधा भी इसमें रहेगी। लोग अपने आसपास के सबसे नजदीकी पुलिस स्टेशन की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी उपयोगी

‘जोहार पुलिस’ के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और ईव टीजिंग से जुड़ी शिकायत या जानकारी देने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित सहायता, पुलिस को शिकायत, सुझाव और फीडबैक देने का विकल्प भी इसमें शामिल है।

पूर्वी सिंहभूम पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद को तेज, सरल और सहज बनाना है। व्हाट्सऐप के जरिए सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय बचेगा और छोटी-छोटी जानकारियों के लिए पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी।

ऐसे शुरू करें सेवा

JOHAR POLICE WhatsApp नंबर: 9471167577

सेवा शुरू करने के लिए व्हाट्सऐप पर ‘Hi’ भेजें।

JOHAR POLICE का पूरा नाम: Jamshedpur Online Help & Assistance for Residents.

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीफ की यह पहल पुलिसिंग को जनता के और करीब लाने तथा तकनीक के माध्यम से नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

Share This Article