सरायकेला खरसावां पुलिस को मिली बड़ी सफलता, लूटकांड के छह आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चौका के चुटियाखाल स्थित बंद स्कूल में जुटे थे आरोपी, तीन पिस्टल समेत हथियार व अन्य सामान बरामद

चांडिल, 07 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई लूट और लूट के प्रयास की कई घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, एक गोली, चाकू, हथौड़ी, दाउली, तीन बाइक और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

चौका थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चौका थाना क्षेत्र के चुटियाखाल स्थित बंद प्राथमिक विद्यालय में कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग एकत्रित हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने स्कूल परिसर में छापेमारी की। इस दौरान छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के क्रम में उनके पास से हथियार समेत अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनसा सिंह मुंडा, चंबुराम मुंडा उर्फ चमुरा, सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देबेन मुंडा, सोमा मुंडा उर्फ करपा और रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हाल के दिनों में चौका थाना क्षेत्र में हुई कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। इनमें बानसा स्थित सरकारी शराब दुकान में लूट का प्रयास, उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप से मोबाइल और रुपये की लूट तथा घाट दुलमी स्थित होटल माउंट व्यू से मोबाइल और रुपये लूटने की घटनाएं शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार छह आरोपियों में से चार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब बरामद हथियारों और अन्य सामान के आधार पर आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Share This Article