डेंजर जोन घोषित होने के बावजूद चोरी-छिपे नहाने पहुंचते हैं लोग, कुछ महीनों में पांच युवकों की जा चुकी है जान
आदित्यपुर, 07 सितंबर : आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसंगी चेक डैम में रविवार दोपहर नहाने गए दो युवक गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस व स्थानीय गोताखोरों के साथ संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
डूबने वाले युवकों की पहचान बंता नगर (धोबोडुंगरी) निवासी सोनू लोहार (18) और मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक ही बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे। बताया जाता है कि नहाने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई गई। हालांकि, अंधेरा होने के कारण रविवार शाम सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद दोबारा व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। खरकई नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डेंजर जोन के बावजूद पहुंचते हैं लोग
आसंगी चेक डैम को जिला प्रशासन ने पहले ही डेंजर जोन घोषित कर रखा है। यहां लोगों के नहाने पर प्रतिबंध है और प्रशासन की ओर से चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद लोग चोरी-छिपे यहां नहाने पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आसंगी चेक डैम में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। बीते कुछ महीनों में ही यहां डूबने से पांच युवकों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद प्रतिबंध और चेतावनी को नजरअंदाज कर लोग जान जोखिम में डाल रहे हैं। रविवार की घटना ने एक बार फिर चेक डैम की सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंध के प्रभावी अनुपालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



