पिकनिक के बाद नदी में नहाना पड़ा भारी, गहरे पानी में समाया 20 वर्षीय युवक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

दोस्तों के साथ पहाड़भांगा पहुंचा था राजू सिंह, बचाने की कोशिश में एक साथी भी डूबते-डूबते बचा

जमशेदपुर, 07 सितंबर : पोटका थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन एवं पिकनिक स्थल पहाड़भांगा नदी में रविवार को पिकनिक मनाने पहुंचे 20 वर्षीय युवक के डूबने से सनसनी फैल गई। युवक दोस्तों के साथ नदी में नहाने उतरा था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। देर शाम तक स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से नदी में उसकी तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।

डूबने वाले युवक की पहचान जमशेदपुर के टेल्को आजाद बस्ती निवासी राजू सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजू रविवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्तों के साथ पहाड़भांगा पिकनिक मनाने पहुंचा था। पिकनिक के बाद वह अपने दो दोस्तों मुकेश और राजेश के साथ नदी में नहाने के लिए उतर गया।

बताया जाता है कि नहाने के दौरान राजू धीरे-धीरे नदी के गहरे हिस्से में चला गया। कुछ ही देर में वह पानी में डूबने लगा। राजू को डूबता देख उसके साथी मुकेश ने उसे बचाने का प्रयास किया और गहरे पानी में चला गया। हालांकि, मुकेश किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन राजू गहरे पानी से बाहर नहीं आ सका और नदी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद राजू का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के बाद तलाशी अभियान रोकना पड़ा।

पुलिस के अनुसार, नदी के गहरे पानी में डूबने के कारण युवक की मौत की आशंका है। सोमवार को एनडीआरएफ की टीम के सहयोग से नदी में व्यापक तलाशी अभियान चलाकर राजू की तलाश की जाएगी। घटना के बाद युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article