चौलीबासा में एनएच-33 पर तेल टैंकर की चपेट में आया युवक, करीब एक घंटे तक एंबुलेंस के लिए प्रयास
चांडिल, 05 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के टाटा रांची नेशनल हाईवे पर चावलीबासा स्थित सेन पेट्रोल पंप के समीप शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे ने सड़क सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की पोल खोल दी। विपरीत दिशा से आ रहे तेल टैंकर ट्रक की चपेट में आने से रांची से जमशेदपुर जा रहा युवक मोहम्मद मुसायिद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल युवक सड़क पर काफी देर तक मदद का इंतजार करता रहा।
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा युवा नेता आकाश महतो तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चौका पुलिस को सूचना देकर घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराने का प्रयास किया। बताया गया कि करीब एक घंटे तक 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। न ही एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद चौका पुलिस के सहयोग से घायल युवक को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चांडिल पहुंचाया गया।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर एनएच-33 की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आकाश महतो ने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे जरूरी होता है। ऐसे में एंबुलेंस सेवा की अनुपलब्धता गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने प्रशासन से एनएच-33 पर दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर सुरक्षा उपाय मजबूत करने तथा 108 एंबुलेंस सेवा तथा एनएचएआई की टोल प्लाजा वाली एम्बुलेंस सेवा को तत्काल प्रभावी बनाने की मांग की है।



