सभी मतदान केंद्रों पर लगा विशेष शिविर, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन के लिए लिए गए आवेदन – उप निर्वाचन पदाधिकारी ने किया चांडिल व कपाली क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कपाली-चांडिल क्षेत्र के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, पात्र मतदाताओं का नाम नहीं छूटने और अपात्रों को सूची से दूर रखने पर जोर

चांडिल, 22 अगस्त : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत शनिवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 के लिए द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम-पता समेत अन्य विवरण में संशोधन तथा मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए आम लोगों से आवेदन प्राप्त किए गए।

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने कपाली और चांडिल क्षेत्र में आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने कपाली स्थित अलकबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के मतदान केंद्र संख्या 347 से 354 तथा काशीपुर के मतदान केंद्र संख्या 358 से 363 का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ और शिविर में पहुंचे लोगों से बातचीत कर प्राप्त आवेदनों और शिविर की गतिविधियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शत-प्रतिशत अनमैप्ड मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि संबंधित मतदाता निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकें। उन्होंने नोटिस वितरण की नियमित निगरानी करने और सभी पात्र मतदाताओं तक समय पर सूचना पहुंचाने को कहा।

पात्र मतदाताओं का नाम नहीं छूटे

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने अथवा आवश्यक संशोधन करा सकें। उन्होंने आम लोगों से स्वयं जागरूक होने के साथ अपने आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

शिविर में लोगों को फॉर्म-6 और फॉर्म-8 की जानकारी भी दी गई। पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 तथा नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन करने की जानकारी दी गई।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसके लिए बीएलओ और संबंधित कर्मियों को प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच और नियमानुसार सत्यापन के बाद ही कार्रवाई करने को कहा गया।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा की भी जानकारी

शिविर में आम लोगों को मतदाता सूची से संबंधित सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा की जानकारी दी गई। पात्र नागरिकों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज समय सीमा के भीतर जमा करने तथा अपने और परिवार के सदस्यों के नाम की मतदाता सूची में स्थिति की जांच करने की अपील की गई।

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और बीएलओ को शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों का समयबद्ध, निष्पक्ष और नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयोग के सभी प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Share This Article