सरायकेला सदर अस्पताल में हंगामा – नगर पंचायत अध्यक्ष पर दुर्व्यवहार का आरोप, डॉक्टरों ने दी हड़ताल की चेतावनी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चिकित्सकों ने नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी और समर्थकों पर अभद्रता व धमकी देने का लगाया आरोप, सिविल सर्जन से की शिकायत

सरायकेला, 21 अगस्त : सरायकेला सदर अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी और उनके समर्थकों पर अस्पताल परिसर में दुर्व्यवहार, धमकी देने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ कथित तौर पर बिना किसी ठोस कारण के अस्पताल परिसर में पहुंचकर हो-हल्ला करते हैं। इस दौरान इलाज कर रहे चिकित्सकों के साथ बदतमीजी करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने तथा कर्मचारियों को नौकरी से हटवा देने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से चिकित्सकों और पारा-मेडिकल कर्मियों में भय का माहौल बना हुआ है। साथ ही, अस्पताल में आने वाले मरीजों के इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

दोबारा घटना हुई तो हड़ताल की चेतावनी

लिखित शिकायत में चिकित्सकों और कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा होती है, तो उनके लिए नियमित रूप से कार्य करना मुश्किल हो जाएगा। ऐसी स्थिति में चिकित्सक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी हड़ताल करने को बाध्य हो सकते हैं।

अस्पताल प्रबंधन ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

मामले के सामने आने के बाद सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सकों को कार्य के दौरान मिलने वाले माहौल को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब प्रशासन की कार्रवाई और नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से इस मामले में आने वाली प्रतिक्रिया पर नजर है।

Share This Article