चोरी-छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, पांच अपराधी गिरफ्तार – 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक बाइक बरामद
जमशेदपुर, 20 अगस्त : शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का जमशेदपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी और छिनतई से जुड़े 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब बरामद सामान के आधार पर गिरोह द्वारा पूर्व में की गई अन्य वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने जांच के दौरान अपराधियों की गतिविधियों और उनके नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी संगठित तरीके से शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य सुनसान अथवा भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही मोबाइल फोन, सोने के आभूषण समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस को गिरोह के सदस्यों द्वारा आगे की आपराधिक घटनाओं की योजना बनाए जाने की जानकारी भी मिली है।
बरामद मोबाइल से खुलेगा कई मामलों का राज
पुलिस अब बरामद 31 मोबाइल फोन और सोने के आभूषणों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही बरामद सामान को पूर्व में दर्ज चोरी और छिनतई के मामलों से जोड़कर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गिरफ्तार अपराधियों ने जमशेदपुर के किन-किन थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दिया है।

पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में चोरी और छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।













