बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें – बड़ाबाम्बो में दो कच्चे मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचा परिवार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें – बड़ाबाम्बो में दो कच्चे मकान क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचा परिवार

खरसावां, 19 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों पर खतरा बढ़ गया है। खरसावां प्रखंड की जोरडीहा पंचायत अंतर्गत बड़ाबाम्बो गांव में मंगलवार की देर रात बारिश के दौरान दो कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के वक्त दोनों घरों में परिवार के सदस्य मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने के कारण सभी लोग सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण जमीन में नमी बढ़ने से मकानों की कच्ची दीवारें कमजोर हो गई थीं। मंगलवार की रात करीब एक बजे अचानक एक मकान का हिस्सा गिरने लगा। तेज आवाज सुनकर घर में सो रहे परिवार के सदस्य घबरा गए और आनन-फानन में घर से बाहर निकल गए। इसके कुछ ही देर बाद मकान का एक और हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसी तरह दूसरे कच्चे मकान को भी बारिश के कारण नुकसान पहुंचा।

मलबे में दबा घरेलू सामान

मकान का हिस्सा गिरने से घर में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी सामग्री मलबे में दब गई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने सुरक्षित आश्रय की समस्या खड़ी हो गई है।

स्थानीय निवासी बिहारी नायक ने बताया कि परिवार के लोग रात में खाना खाने के बाद घर के अंदर सो रहे थे। अचानक मकान का हिस्सा गिरने की आवाज सुनाई दी। खतरे को भांपते हुए सभी लोग तत्काल घर से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रशासन से राहत और मुआवजे की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित मकानों का स्थल निरीक्षण कर क्षति का आकलन कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की जरूरत है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा, राहत सामग्री तथा सुरक्षित रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही गांव में बारिश से कमजोर हुए अन्य कच्चे मकानों का भी सर्वे कराकर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की अपील की है।

Share This Article