तत्कालीन एसपी इंद्रजीत महथा की यादें ताजा हुई – लोग चैन की नींद सोते रहे, देर रात एसपी मनोज स्वर्गीयारी सड़कों पर निकले

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

तत्कालीन एसपी इंद्रजीत महथा की यादें ताजा हुई – लोग चैन की नींद सोते रहे, देर रात एसपी मनोज स्वर्गीयारी सड़कों पर निकले

सरायकेला, 09 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी कुछ अलग अंदाज में काम कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली की प्रशंसा भी होने लगी हैं। अपराध नियंत्रण, अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक दिनभर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं तो वहीं थानों के औचक निरीक्षण भी करते नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी एक साफ सुथरा जिला के रूप में क्षेत्र को पहचान दिलाने के प्रयास में जुटे हैं, लेकिन भविष्य के गर्भ में क्या छिपा है? यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

बहरहाल, बताते हैं कि बुधवार देर रात जब जिलेवासी आराम से अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे उस समय पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी सड़कों पर भ्रमण कर रहे थे। बीती रात पुलिस अधीक्षक ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में भ्रमण करते हुए सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था का जायजा लिया। रात्रि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की गतिविधियों की जानकारी ली। वहीं, रात्रि ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर प्रभावी गश्ती, अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

कहीं न कहीं वर्तमान एसपी मनोज स्वर्गीयारी की कार्यशैली से तत्कालीन एसपी इंद्रजीत महथा की यादें ताजा हो गई। तत्कालीन एसपी इंद्रजीत महथा भी इसी भांति देर रात औचक निरीक्षण पर सड़कों पर निकल पड़ते थे तो कभी वर्दी छोड़कर सादे कपड़ों में मार्केट घूम लेते थे। आज भी लोग इंद्रजीत महथा के कार्यशैली और सहज व्यवहार को याद करते हैं।

Share This Article