
चांडिल में लोडर की चपेट में आने से महिला की मौत, मुआवजे की मांग पर एनएच-18 जाम
चांडिल, 14 अगस्त : चांडिल अनुमंडल के गांगूडीह गांव में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। डस्ट लेवलिंग कार्य में लगे लोडर की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला प्रेमकला टुडू की मौत के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चांडिल-पुरुलिया नया रोड़ को जाम कर दिया। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीण घंटों सड़क पर डटे रहे, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, प्रेमकला टुडू शुक्रवार सुबह गाय चराने के लिए गई थीं। इसी दौरान नीलांचल कंपनी के डस्ट लेवलिंग कार्य में लगे लोडर JH-22A-2426 की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। उनका कहना था कि मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने के साथ गाड़ी मालिक और संबंधित प्लांट मालिक को मौके पर बुलाकर वार्ता कराई जाए।
बीडीओ और थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
सड़क जाम की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, चांडिल बीडीओ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और जाम हटाने के लिए काफी देर तक वार्ता की।
हालांकि, ग्रामीण मुआवजे की मांग पूरी होने तक शव उठाने से इनकार करते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल की तैनाती की है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, जिसके बाद जाम हटी और आवागमन सामान्य हुआ।



