मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

जमशेदपुर, 13 अगस्त : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी इलाके में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है।

बताया जाता है कि बाराद्वारी निवासी करुणा झा गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार बदमाश उनके पास पहुंचे और मौका मिलते ही झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली। महिला जब तक शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाती, तब तक बदमाश तेज रफ्तार से बाइक लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

सुबह के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई चेन छिनतई की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और बदमाशों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article