
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने को जिले के सभी बूथों पर लगा विशेष कैंप
जमशेदपुर, 09 अगस्त :भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के दौरान मतदाताओं को नाम जोड़ने, नाम में संशोधन, स्थानांतरण समेत निर्वाचन संबंधी विभिन्न सेवाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
विशेष कैंप में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहे और पात्र नागरिकों से आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए। साथ ही मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करते हुए उन्हें मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ संख्या 54 से 65 तक पहुंचकर विशेष कैंप में उपलब्ध व्यवस्थाओं, मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं और BLO की उपस्थिति एवं कार्यों का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 और घोषणा पत्र अवश्य भरें। उन्होंने पात्र युवाओं और अन्य नागरिकों से अपील की कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाते हुए अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए निर्वाचन विभाग की ओर से विशेष कैंप के माध्यम से व्यापक स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी BLO और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार ससमय निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।



