विश्व आदिवासी दिवस पर चांडिल में निकली भव्य मोटरसाइकिल रैली, गूंजा आदिवासी एकता का संदेश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पारंपरिक वेशभूषा और वाद्ययंत्रों ने बढ़ाई रैली की शोभा, सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

चांडिल, 09 अगस्त :विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को चांडिल अनुमंडलीय क्षेत्र में आदिवासी समाज की ओर से भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से समाज की एकता, सांस्कृतिक पहचान, परंपरा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। रैली में बड़ी संख्या में युवा, महिला और समाज के लोग मोटरसाइकिल के साथ शामिल हुए।

रैली का शुभारंभ खुंटी हाटतोला से हुआ। यहां से मोटरसाइकिल रैली चौका, फूलो-झानो मोड़ और खुंटी मोड़ होते हुए सिदो-कान्हू चौक, चांडिल गोलचक्कर पहुंची। यहां वीर सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद रैली चांडिल बाजार होते हुए तिलका चौक पहुंची और फिर गांगुडीह पुनर्वास क्षेत्र पहुंचकर संपन्न हुई।

रैली में आदिवासी संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। प्रतिभागी पारंपरिक वेशभूषा, वाद्ययंत्र और पारंपरिक औजारों के साथ शामिल हुए। पुरुषों और महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में हिस्सा लिया, जबकि युवाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और जयघोष से रैली का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।

रैली के माध्यम से आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा, पहचान और अधिकारों के संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने सामाजिक एकता और अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

आयोजकों ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना होगा।

रैली को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

रैली में श्यामल मार्डी, गुरूचरण किस्कू, चारूचांद किस्कू, बैधनाथ टुडू, प्रकाश मार्डी, सुदामा हेम्ब्रम, धर्मेंद्र गोप, दिलीप किस्कू, सोनाराम मार्डी, संतोष किस्कू, आजाद शेखर मांझी, अजय टुडू सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और युवा शामिल हुए।

Share This Article