शहीद स्मारक समिति ने अमर शहीद निर्मल महतो को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, शहीद का दर्जा एवं एनआईए जांच की मांग

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

शहीद स्मारक समिति ने अमर शहीद निर्मल महतो को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, शहीद का दर्जा एवं एनआईए जांच की मांग

पटमदा, 08 अगस्त : वीर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक समिति ने पटमदा तथा बोड़ाम प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर स्थापित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमाओं पर भावभीनी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पटमदा प्रखंड के पश्चिम बंगाल सीमावर्ती ओड़िया पंचायत के वनडीह मोड़, कमलपुर पंचायत के चड़कपाथर, बोड़ाम के गागीबुरु तथा पटमदा के रंगाटांड़ स्थित वीर शहीद निर्मल महतो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

मौके पर विश्वनाथ महतो ने कहा कि वीर शहीद निर्मल महतो ने झारखंड के अधिकार, अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और शोषित-वंचित लोगों की आवाज को बुलंद करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी शहादत झारखंड के इतिहास की एक महत्वपूर्ण विरासत है। उन्होंने सरकार से निर्मल महतो की हत्या की जांच एनआईए से कराने तथा उन्हें आधिकारिक रूप से शहीद का दर्जा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाने के लिए हर चुनौती का मजबूती से सामना करना होगा। उनके विचार, आदर्श, साहस, संघर्ष और मूल्यों को जीवित रखना प्रत्येक झारखंडी का कर्तव्य है। विशेषकर युवाओं को उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज और राज्य के हित में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शहादत दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि शहीदों के अधूरे सपनों और उनके संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन भी है। निर्मल महतो की विचारधारा और झारखंड के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने वीर शहीद निर्मल महतो के आदर्शों को आत्मसात करने तथा उनके सपनों के झारखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विश्वनाथ महतो, ईशान चंद्र मुर्मू, मणिक चंद्र बेसरा, शिवशंकर महतो, उत्तम महतो, असित महतो, गोपाल गोराई, तपन महतो, जितेंद्र मुर्मू, छुटू महतो, अजय मुर्मू, हरिपद सबर, स्वपन कर्मकार, सुभाष महतो, दीपक महतो, सर्वेश्वर महतो, बंकिम महतो, उदय महतो, सुसीना महतो सहित शहीद स्मारक समिति के सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Share This Article