आदिवासी भूमि पर कथित अवैध कब्जा हटाने की मांग, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदिवासी भूमि पर कथित अवैध कब्जा हटाने की मांग, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

सरायकेला, 01 अगस्त : : कुड़मी युवा छात्र मोर्चा एवं झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर चांडिल अंचल अंतर्गत तामुलिया पंचायत के ग्राम रुगड़ी स्थित आदिवासी रैयत की भूमि पर कथित अवैध कब्जे की निष्पक्ष जांच कराने तथा भूमि वास्तविक रैयत को वापस दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम रुगड़ी के खाता संख्या-71 के प्लॉट संख्या-25, 27, 71 एवं 111, जिसकी कुल रकबा 1 एकड़ 32 डिसमिल है, आदिवासी रैयत की भूमि है। आरोप लगाया गया कि उक्त भूमि पर कथित रूप से गलत वंशावली के आधार पर गैर-आदिवासी द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्रशासन से मांग की कि आदिवासी भूमि पर कथित अवैध कब्जा तत्काल हटाया जाए, भूमि वास्तविक आदिवासी रैयत को वापस दिलाई जाए तथा दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (CNT Act), संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम (SPT Act) एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि झारखंड में आदिवासी भूमि की सुरक्षा संविधान एवं प्रचलित कानूनों द्वारा संरक्षित है। ऐसे मामलों में प्रशासन की निष्पक्ष कार्रवाई से आदिवासी समुदाय के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में कुड़मी युवा छात्र मोर्चा के अध्यक्ष सुमित महतो, JLKM के जिला अध्यक्ष दीपक महतो, नगर अध्यक्ष राम महतो, एकलव्य सिंह महतो, बीरेंद्र महतो, केशव प्रामाणिक, माधव महतो सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।

Share This Article