बरसात में बढ़ते मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : मनोज कुमार चौधरी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बरसात में बढ़ते मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता : मनोज कुमार चौधरी

सरायकेला, 30 जुलाई : लगातार हो रही बारिश और मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के बीच नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में बढ़ते मरीजों को समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी कक्ष, दवा भंडार, ब्लड बैंक, नेत्र विभाग, डायलिसिस यूनिट, एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और चिकित्सकीय सेवाओं पर संतोष जताया।

मनोज कुमार चौधरी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर, डायरिया और टाइफाइड जैसी मौसमी बीमारियों को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे पूरी तरह सक्रिय रहें तथा किसी भी मरीज को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से इमरजेंसी कक्ष के बाहर डॉक्टर रूम का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से रात के समय आने वाले मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। साथ ही पोस्टमार्टम हाउस में दो अतिरिक्त मॉर्चरी बॉक्स उपलब्ध कराने तथा जर्जर पोस्टमार्टम भवन के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया भी चल रही है।

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि जीवनरक्षक दवाओं, ब्लड बैंक, डायलिसिस, एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित रहें। इस अवसर पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी, झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, वार्ड पार्षद गौतम नायक, दिनेश साहू, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article