आदित्यपुर की ग्लोरिया इंजीनियरिंग में गैस सिलेंडर विस्फोट, 5 मजदूर झुलसे – एक की हालत गंभीर
आदित्यपुर, 30 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में गुरुवार दोपहर कार्य के दौरान गैस सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट से पांच मजदूर झुलस गए। इनमें एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि अन्य चार का इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2, प्लॉट संख्या B-33 स्थित कंपनी परिसर में उस समय हुआ, जब मजदूर नियमित कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के कर्मचारी भी दहशत में आ गए।
घटना के तुरंत बाद कंपनी के कर्मचारियों ने सभी घायलों को आनन-फानन में जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, गंभीर रूप से झुलसे एक मजदूर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जबकि अन्य चार घायल मजदूरों का उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस विस्फोट के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक स्तर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कंपनी परिसर से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल, इस घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।