सरायकेला पुलिस का बड़ा खुलासा – बाइक चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, चोरी की 5 मोटरसाइकिलें भी बरामद
सरायकेला, 30 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायकेला पुलिस ने एक संगठित बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि गत 17 जुलाई की रात सरायकेला थाना क्षेत्र के जोरडीहा निवासी लाल चांद सरदार के घर के आंगन से उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या- JH22F 8686) चोरी हो गई थी। सरायकेला थाना मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
एसपी के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26), करण बास्के (22) तथा कृष्णा नाथ उर्फ दुखू (22) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर बाइक के अलावा बिना नंबर प्लेट की चार अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। बरामद सभी वाहनों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सरायकेला तथा आसपास के जिलों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अख्तर अंसारी के खिलाफ पूर्व से पांच तथा करण बास्के के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे इनके आपराधिक नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।