बिरसा मुंडा स्टेडियम जिले की खेल प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा : मनोज कुमार चौधरी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

बिरसा मुंडा स्टेडियम जिले की खेल प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा : मनोज कुमार चौधरी

सरायकेला, 07 जुलाई : जिला फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लीग मैचों का शुभारंभ आज बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के करकमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह से पूर्व स्थानीय लोक कला संस्था के कलाकारों ने पारंपरिक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सरायकेला फुटबॉल मैदान का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। इस मैदान ने अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उनका निरंतर प्रयास है कि यह मैदान वर्षभर खिलाड़ियों की गतिविधियों से गुलजार रहे और यहां नियमित रूप से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहे।

उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक कार्यक्रम के दौरान जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव दिलदार अंसारी से उन्होंने प्रतियोगिता के कुछ मैच सरायकेला में आयोजित कराने का आग्रह किया था। यह हर्ष का विषय है कि आज उस पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। लगभग 45 दिनों तक चलने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत करीब 10 दिनों में लगभग 20 लीग मैच बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताएं देखने और सीखने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी एवं विभिन्न खेल संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वर्तमान में उपलब्ध संसाधनों से युक्त बिरसा मुंडा स्टेडियम एवं फुटबॉल मैदान का अधिकतम उपयोग करते हुए जिले के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ा जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों, खेल संगठनों एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन में यदि किसी प्रकार की आवश्यकता या असुविधा आती है तो नगर पंचायत सरायकेला की पूरी टीम हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव दिलदार अंसारी एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि पिनाकी रंजन ने नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की खेल एवं खिलाड़ियों के प्रति सकारात्मक सोच तथा हर समय सहयोग के लिए उनकी सराहना करते हुए उन्हें सरायकेला का एक संवेदनशील, सहयोगी और खेलप्रेमी जनप्रतिनिधि बताया।

इस अवसर पर राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के पूर्व निदेशक तपन पटनायक, अशोका इंटरनेशनल के निदेशक, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी पिनाकी रंजन, सचिव दिलदार अंसारी, खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मनोज कुमार चौधरी ने अंत में कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और बेहतर समाज निर्माण का माध्यम है। सरायकेला को खेल एवं संस्कृति की पहचान के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए नगर पंचायत हर संभव सहयोग करती रहेगी।

Share This Article