रौला – खैरबनी में भीषण सड़क हादसे में दो चालक की मौत, एक के बाद दूसरी दुर्घटना में दो वाहन पर लगी आग, दो वाहन के परखच्चे उड़ गए

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

रौला – खैरबनी में भीषण सड़क हादसे में दो चालक की मौत, एक के बाद दूसरी दुर्घटना में दो वाहन पर लगी आग, दो वाहन के परखच्चे उड़ गए


राजनगर, 07 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) स्थित रोला-खैरबनी मोड़ के पास सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। हाइवा और ट्रेलर के बीच हुई जबरदस्त आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिसमें दोनों चालकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को करीब दो घंटे तक लगातार मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद दोनों भारी वाहनों में आग की तेज लपटें उठने लगीं। ट्रेलर चालक की घटनास्थल पर ही आग में झुलसकर मौत हो गई, जबकि दूसरे चालक को गंभीर अवस्था में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस भीषण दुर्घटना के बाद पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दो अन्य ट्रेलरों के चालकों ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन अचानक ब्रेक लगाने के कारण दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकराते हुए सड़क किनारे खेत में जा पलटे। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक हाइवा और ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। मंगलवार सुबह तक भी जले हुए ट्रेलर के पहियों से धुआं निकलता दिखाई दे रहा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इधर, लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से चिंतित स्थानीय लोगों ने एनएच-220 को फोरलेन में परिवर्तित करने की मांग दोहराई है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जबकि सड़क अपेक्षाकृत संकरी होने के कारण आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Share This Article