मलेरिया नियंत्रण को लेकर उपायुक्त सख्त, हर बुखार मरीज की जांच और समय पर उपचार के निर्देश
सरायकेला, 04 जुलाई : जिले में मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित मलेरिया नियंत्रण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर समन्वित कार्ययोजना बनाकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बुखार से पीड़ित प्रत्येक मरीज की अनिवार्य रूप से मलेरिया जांच की जाए, ताकि संक्रमित मरीजों की समय पर पहचान कर शीघ्र एवं समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने जिले के सभी आवासीय विद्यालयों, सीआरपीएफ शिविरों तथा पुलिस थाना परिसरों में प्रत्येक 15 दिनों के अंतराल पर नियमित मलेरिया जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी गर्भवती महिलाओं की अनिवार्य मलेरिया जांच, सतत निगरानी और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जहां भी मलेरिया का मरीज चिन्हित हो, वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम संबंधित मरीज के घर जाकर परिवार के सभी सदस्यों की जांच करेगी। इसके अलावा प्रभावित गांवों में विशेष सर्वे और व्यापक जांच अभियान चलाकर संभावित संक्रमित लोगों की पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने मलेरिया नियंत्रण अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने, नियमित समीक्षा करने तथा सभी अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए जांच, उपचार, दवा की उपलब्धता, फॉलोअप, स्रोत नियंत्रण और जनजागरूकता कार्यक्रमों को अभियान मोड में चलाने पर बल दिया।
उपायुक्त ने कहा कि मलेरिया नियंत्रण एक सतत अभियान है, जिसकी सफलता सभी विभागों के समन्वित प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आशा, सहिया एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से घर-घर निगरानी, समय पर जांच, उपचार और जनजागरूकता गतिविधियों को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।