रांची में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस का छापा, कई युवक हिरासत में

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस का छापा, कई युवक हिरासत में

रांची, 30 जून : राजधानी रांची में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक कथित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चुटिया थाना क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, युवाओं से पैसे लेकर अवैध तरीके से नौकरी दिलाने की शिकायत मिलने पर रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने कई थानों के पुलिस बल के साथ चुटिया थाना क्षेत्र के केतारी बगान स्थित घाट रोड के एक संदिग्ध मकान में छापेमारी की। पुलिस ने मकान को चारों ओर से घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त मकान से नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर अवैध वसूली और ठगी का खेल संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस घर में मौजूद दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। साथ ही मौके पर मिले संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि जांच के दौरान नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल कार्रवाई जारी है और मामले में आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Share This Article