हूल दिवस पर आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने सिदो-कान्हू को किया नमन, कहा– शहादत देती है संघर्ष की प्रेरणा
रांची, 30 जून : हूल दिवस के अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने मंगलवार को मोराबादी स्थित सिदो-कान्हू पार्क पहुंचकर अमर शहीद सिदो-कान्हू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने हूल विद्रोह के महानायकों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर सुदेश महतो ने कहा कि हूल विद्रोह केवल एक जनआंदोलन नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए लड़ी गई ऐतिहासिक लड़ाई थी। इस आंदोलन ने संघर्ष की ऐसी ज्योति प्रज्वलित की, जिसने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय आजादी के आंदोलन को नई दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि अमर शहीद सिदो-कान्हू सहित सभी वीर शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव अन्याय, शोषण और दमन के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देता रहेगा। उनके आदर्श आज भी समाज को न्याय, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करते हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सचिव इम्तियाज अहमद नज़मी, हरीश कुमार, सिद्धार्थ शंकर राय, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सदस्य प्रभा महतो, रांची जिला बुद्धिजीवी मंच के जिलाध्यक्ष शहजाद आलम, रांची जिलाध्यक्ष संजय महतो, कार्यकारी अध्यक्ष हाकिम अंसारी, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, महानगर अध्यक्ष अमन साहू, युवा आजसू महानगर अध्यक्ष अमित यादव सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।