आजसू महिला संघ का राज्य स्तरीय अधिवेशन 4 जुलाई को, सुदेश महतो करेंगे उद्घाटन
रांची, 30 जून : आजसू पार्टी के अनुषंगी संगठन अखिल झारखंड महिला संघ का राज्य स्तरीय महिला अधिवेशन आगामी 4 जुलाई को राजधानी रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन में राज्य के सभी 24 जिलों तथा पंचायत स्तर से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी।
हरमू स्थित पार्टी के प्रधान कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अधिवेशन की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। इस अवसर पर पार्टी की केंद्रीय महासचिव एवं रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय महासचिव पार्वती देवी, केंद्रीय सचिव वीणा चौधरी, फूलकुमारी देवी, महिला जिलाध्यक्ष वीणा देवी तथा सबिता देवी उपस्थित रहीं।
केंद्रीय महासचिव निर्मला भगत ने बताया कि महिला अधिवेशन का उद्देश्य महिलाओं की संगठनात्मक भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाना तथा भविष्य की रणनीति तय करना है। उन्होंने कहा कि अधिवेशन दो सत्रों में आयोजित होगा।
प्रथम सत्र का विधिवत उद्घाटन आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो करेंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा तथा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा घोषित की जाएगी। इस सत्र में राज्य के सभी 24 जिलों से आए प्रखंड स्तरीय प्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।
दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें पंचायत स्तर तक की महिला प्रतिनिधियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ओपन सत्र के दौरान प्रथम सत्र में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की सार्वजनिक घोषणा की जाएगी। साथ ही नव-चयनित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा एवं पार्टी के भावी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
पार्टी नेताओं ने बताया कि यह अधिवेशन महिलाओं को संगठन में अधिक प्रभावी भूमिका देने के साथ-साथ पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।