शादी समारोह की खुशियां मातम में बदलीं, तेज रफ्तार मालवाहक की टक्कर से महिला की मौत
राजनगर, 29 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कुनाबेड़ा स्थित झारखंड होटल के समीप सोमवार शाम तेज रफ्तार मालवाहक वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
मृतका की पहचान बांधडीह गांव निवासी सुनीता महतो (42) के रूप में हुई है। वहीं घायल उनके पति परमेश्वर महतो हैं, जिनका कुनाबेड़ा स्थित जीवनदीप अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपती बाइक से शोभापुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही एलपीडी 709 मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनीता महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि परमेश्वर महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। समाचार लिखे जाने तक मृतका का शव घटनास्थल पर ही पड़ा था और पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही थी।
इधर, सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त एलपीडी 709 मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।