सरायकेला, 12 जुलाई : सदर अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद रविवार सुबह परिजनों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार कांदागोड़ा गांव निवासी गुरा पूर्ती की पत्नी शुरू पूर्ती को शनिवार रात करीब 8 बजे प्रसव पीड़ा होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के समय महिला की स्थिति सामान्य थी, लेकिन रातभर उचित इलाज और देखभाल नहीं मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतका के पति गुरा पूर्ती ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों और चिकित्सकों ने समय पर ध्यान नहीं दिया, जिससे उनकी पत्नी की जान चली गई। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही के साथ-साथ ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इससे पूर्व में भी जब वे डॉक्टर से मिलने पहुंचे तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वहीं, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रीमा ने बताया कि महिला अस्पताल पहुंचने के समय गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी और उसके शरीर में रक्त की मात्रा काफी कम थी। उन्होंने कहा कि मरीज की स्थिति पहले से ही गंभीर थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा।