JMM युवा नेता दराईबुरू हांसदा ने दलमा टाइगर फुटबॉल टीम को बांटी जर्सी, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
चांडिल, 11 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत कांदरबेड़ा स्थित गोल्डन हील होटल में शनिवार को जेएसए प्रीमियर डिवीजन लीग में भाग लेने वाली दलमा टाइगर फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों का जुटान हुआ, जहां खिलाड़ियों के बीच जर्सी का वितरण किया गया। यह पहल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा नेता एवं चाकुलिया निवासी दराईबुरू हांसदा द्वारा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से की गई।
इस अवसर पर दराईबुरू हांसदा ने खिलाड़ियों को नई जर्सी प्रदान करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और अनुशासन का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया तथा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए हर संभव सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जर्सी पाकर खिलाड़ियों ने खुशी व्यक्त करते हुए दराईबुरू हांसदा का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान टीम के खिलाड़ी, खेल प्रेमी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इस पहल की खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने सराहना करते हुए इसे खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। मौके पर आनंद गोराई, रबिन सिंह सरदार सहित अन्य लोग मौजूद थे।