हाथियों की निगरानी के दौरान वज्रपात की चपेट में आए वन विभाग के गार्ड की मौत, दो वनकर्मी घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची, 28 जून : रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र स्थित खूँटी वन प्रमंडल में हाथियों की गतिविधियों की निगरानी के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से वन विभाग के एक फॉरेस्ट गार्ड की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य वनकर्मी घायल हो गए। घटना रविवार दोपहर काला महादेव के समीप हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा बचाव के उद्देश्य से बनाए जा रहे वॉच टावर का निरीक्षण करने पहुंची थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर गई।

वज्रपात की चपेट में आने से फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद दो अन्य वनकर्मी भी झुलस गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों को तत्काल सोनाहातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रोशन श्रीवास्तव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, राँची रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल दोनों वनकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में जंगली हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए बनाए जा रहे वॉच टावर का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान मौसम की मार ने यह दर्दनाक हादसा कर दिया।

घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर है। मृतक फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव के निधन पर विभागीय अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

Share This Article