गम्हरिया थाना के पास सड़क सुरक्षा पर सवाल – ब्रेकडाउन वाहन की चेतावनी बनी सिर्फ ‘हरी पत्ती’, हादसे को न्योता?

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

गम्हरिया, 28 जून : सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। गम्हरिया थाना के समीप मुख्य सड़क पर एक ब्रेकडाउन वाहन घंटों तक सड़क पर खड़ा रहा, लेकिन उसे सुरक्षित करने के लिए निर्धारित रिफ्लेक्टिव त्रिकोण, चेतावनी बोर्ड या रेडियम संकेतक लगाने के बजाय केवल एक हरी पत्ती रख दी गई। यह दृश्य न सिर्फ यातायात नियमों की अनदेखी दर्शाता है, बल्कि संभावित सड़क हादसे की आशंका भी बढ़ाता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन मुख्य सड़क पर खराब होने के बाद बीच मार्ग में ही खड़ा रहा। सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर उसके पास केवल हरी पत्ती रखी गई, जो कुछ मीटर की दूरी से भी स्पष्ट दिखाई नहीं देती। ऐसे में रात, बारिश या धुंध के दौरान तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।

सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार, किसी भी ब्रेकडाउन वाहन के पीछे पर्याप्त दूरी पर रिफ्लेक्टिव चेतावनी त्रिकोण या अन्य दृश्य संकेतक लगाना आवश्यक होता है, ताकि पीछे से आने वाले चालक समय रहते सतर्क होकर वाहन की गति नियंत्रित कर सकें। लेकिन गम्हरिया थाना के समीप इस नियम का पालन नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में इस तरह की लापरवाही अब आम होती जा रही है। उनका आरोप है कि कई बार खराब वाहन घंटों तक सड़क पर खड़े रहते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। केवल हरी पत्ती लगाकर औपचारिकता पूरी कर दी जाती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

लोगों का यह भी कहना है कि जब सड़क सुरक्षा सप्ताह, जागरूकता अभियान और यातायात नियमों के पालन पर लगातार जोर दिया जाता है, तब थाना के समीप ही इस तरह की लापरवाही प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाती है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ब्रेकडाउन वाहनों के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए और ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।

Share This Article