पति को घर से ले गया परिचित, कुछ घंटों बाद सड़क किनारे मिला शव – पत्नी ने हत्या की आशंका जताई

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुकडू, 26 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि जिस व्यक्ति ने उनके पति को घर से अपने साथ ले गया था, वही घटना के समय उनके साथ मौजूद था। अब पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए तिरुलडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

मृतक की पहचान केंदाआंदा निवासी मकर महतो के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी सुभद्रा महतो द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, 25 जून की सुबह करीब 10 बजे बांदाबीर निवासी प्रफुल्ल महतो उर्फ कुईला मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे और मकर महतो को यह कहकर अपने साथ ले गए कि थोड़ी देर में वापस छोड़ देंगे। लेकिन शाम तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई।

आवेदन के मुताबिक, दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच ग्रामीणों ने आदरदीह-चौका मुख्य सड़क किनारे मकर महतो को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी का आरोप है कि घटना के समय उनके पति के साथ प्रफुल्ल महतो मौजूद थे, लेकिन घटना के बाद वह उन्हें वहीं छोड़कर चले गए। इसी आधार पर उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल तिरुलडीह थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Share This Article