सरायकेला में 1 जुलाई से 15 दिवसीय नि:शुल्क योग एवं नशा मुक्ति अभियान, आयुर्वेद से भी होंगे रूबरू
सरायकेला, 26 जून : स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सरायकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय नि:शुल्क “योग, औषधि दर्शन एवं नशा मुक्ति अभियान” आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 7:00 बजे तक मारवाड़ी धर्मशाला, सरायकेला में होगा, जहां योग शिक्षक एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ वैद्य किशोर मिश्रा प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम, प्राकृतिक चिकित्सा और औषधीय पौधों की उपयोगिता की जानकारी देंगे।
अभियान को लेकर आयोजित बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने इसे जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास बताते हुए अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।
नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आज की तनावपूर्ण और अनियमित जीवनशैली के कारण कई स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। वहीं युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति भी चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि शिविर पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा और सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकते हैं।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ नगर और विकसित समाज की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि अनुशासित और संतुलित जीवन जीने की कला है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
योग शिक्षक एवं वैद्य किशोर मिश्रा ने कहा कि अधिकांश गंभीर बीमारियों की जड़ गलत जीवनशैली, तनाव और नशे की लत है। नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम, संतुलित आहार और औषधीय जड़ी-बूटियों के सही उपयोग से कई बीमारियों की रोकथाम संभव है। उन्होंने बताया कि शिविर में योग प्रशिक्षण के साथ-साथ औषधीय पौधों की पहचान, प्राकृतिक उपचार पद्धति तथा नशे की लत से मुक्ति के व्यावहारिक उपायों की भी जानकारी दी जाएगी।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने सरायकेला एवं आसपास के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से इस जनहितकारी अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की है।