टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर शराब से लदी वैन पलटी, 90 प्रतिशत बोतलें टूटीं – ग्रामीण उठा ले गए शराब

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 21 जून: सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर रविवार तड़के शराब से लदी एक वैन दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। हादसा झाबरी गांव के समीप हुआ, जहां धनबाद से जमशेदपुर जा रही ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब से भरी वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन वैन में लदी अधिकांश शराब की बोतलें टूटकर बर्बाद हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालक धनबाद से ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लेकर जमशेदपुर के डिमना स्थित गोदाम जा रहा था। इसी दौरान झाबरी गांव के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन पलट गई। हादसा इतना जोरदार था कि वैन में रखी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं और बड़ी संख्या में बोतलें टूट गईं।

घटना की सूचना फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई लोग मौके से शराब की बोतलें अपने साथ ले गए। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बची हुई शराब को सुरक्षित किया तथा क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू की।

चौका पुलिस ने बताया कि वैन में लगभग 4 लाख 62 हजार रुपये मूल्य की ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लदी हुई थी। दुर्घटना में करीब 90 प्रतिशत शराब की बोतलें टूट गईं, जबकि लगभग 10 प्रतिशत शराब स्थानीय ग्रामीण अपने साथ ले गए। बची हुई कुछ बोतलों को चालक को सौंप दिया गया है।

थाना प्रभारी ने कहा कि घटना की जानकारी पुलिस को समय पर नहीं मिली, जिससे शुरुआती स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करने में कठिनाई हुई। उन्होंने स्थानीय लोगों से ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share This Article