मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, अज्ञात बस ने मारी टक्कर – सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 20 जून : शहर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग की जान चली गई। उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-4 निवासी सुदर्शन शर्मा (करीब 80 वर्ष) को एक अज्ञात बस ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुदर्शन शर्मा प्रतिदिन की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान डिमना की ओर से मानगो जा रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल उन्हें उठाकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार बस और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बेलगाम बसों की रफ्तार पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुबह के समय सड़कों पर यातायात नियंत्रण और नियमित निगरानी की मांग की है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article