सड़क चौड़ीकरण बना खतरे का कारण! सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पटमदा, 18 जून : विकास की राह पर बढ़ रही पटमदा क्षेत्र की सड़क परियोजना अब ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गई है। काटिन, गोपालपुर, गैंगड़ा, काश्मार, बनकुंचिया, बनडीह होते हुए कांकू एवं दांदू से पश्चिम बंगाल सीमा तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों, ग्राम प्रधानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।

समाजसेवी विश्वनाथ महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के निर्देश पर प्रधान लिपिक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि सड़क निर्माण के दौरान कई स्थानों पर पुलिया एवं कलवर्ट निर्माण के लिए सड़क किनारे गहरी खुदाई की गई है, लेकिन निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकांश निर्माण स्थलों पर न तो बैरिकेडिंग की व्यवस्था है और न ही चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर या रात्रिकालीन प्रकाश की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में रात के समय तथा बारिश के मौसम में दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ गई है।

विश्वनाथ महतो ने कहा कि सड़क निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है, लेकिन लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल बैरिकेडिंग, फ्लैश लाइट और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की।

ज्ञापन पर कई ग्राम प्रधानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश जारी कर जनहित में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

Share This Article