कपाली पुलिस पर आदिवासी युवती से बर्बरता का आरोप, आदिवासी संगठनों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा एसपी कार्यालय – भाई ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली पुलिस पर आदिवासी युवती से बर्बरता का आरोप, आदिवासी संगठनों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा एसपी कार्यालय – भाई ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

चांडिल, 16 जून: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस पर एक आदिवासी युवती के साथ कथित रूप से मारपीट और अमानवीय व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पीड़िता के भाई राहुल माहली ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा निवासी अल्पना माहली को 15 जून को एक लापता युवती से संबंधित पूछताछ के लिए कपाली ओपी बुलाया गया था। आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर घंटों तक बंधक बनाए रखा तथा उनके साथ मारपीट की। राहुल माहली ने दावा किया है कि इस कथित घटना में उनकी बहन को गंभीर शारीरिक चोटें आई हैं और वह मानसिक रूप से भी आहत हुई हैं।

आवेदन में कहा गया है कि पुलिस द्वारा किसी भी व्यक्ति, विशेषकर महिला, के साथ पूछताछ के दौरान मारपीट करना कानून के विरुद्ध है। शिकायतकर्ता ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 एवं अनुच्छेद 20(3) का उल्लेख करते हुए इसे मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है। साथ ही, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित डी.के. बसु दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

राहुल माहली ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन के शरीर पर चोट के निशान मौजूद हैं तथा पैर के नाखून से खून बहने जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कपाली पुलिस या जिला पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। मामले की सत्यता और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Share This Article