चांडिल पुलिस का फ्लैग मार्च, अतिक्रमणकारियों को दी सख्त चेतावनी
चांडिल, 16 जून : चांडिल थाना पुलिस ने मंगलवार को बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने चांडिल बाजार, डैम रोड, मठिया रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों में मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को यातायात नियमों के पालन तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही दुकानदारों को सड़क और नालियों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई। जिन दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया था, उन्हें तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।
थाना प्रभारी संतन तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई दुकानदार अपनी दुकान के सामने सड़क अथवा नाली पर अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि चांडिल बाजार, विशेषकर डैम रोड में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इसी मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित होने के कारण एम्बुलेंस एवं मरीजों को ले जाने वाले वाहनों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नया बाईपास मार्ग चालू होने के बाद भारी वाहनों का बाजार से आवागमन लगभग बंद हो चुका है, इसके बावजूद सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या बनी हुई है।
ऐसे में चांडिल पुलिस द्वारा अतिक्रमण और यातायात अव्यवस्था के खिलाफ अभियान चलाकर दुकानदारों को चेतावनी देना स्थानीय लोगों के बीच सराहनीय एवं स्वागतयोग्य पहल माना जा रहा है। पुलिस के इस कदम से बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।