बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रखंड स्तरीय कार्यशाला आयोजित

कुकड़ू, 25 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिला के कुकडू प्रखंड में शुक्रवार को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों की आय सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु संचालित योजना के लिए आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी ने किया। इस अवसर पर प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी द्वारा योजना की रूपरेखा, लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विस्तृत रूप से दी गई। उन्होंने किसानों को योजना के अंतर्गत फसल क्षति पर मुआवजा प्रावधान, प्रीमियम दर, नामांकन की अंतिम तिथि तथा दावे की प्रक्रिया से अवगत कराया।
कार्यशाला में प्रखंड के सभी जनसेवक, लैम्पस के अध्यक्ष एवं सचिव, कृषक मित्र, विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (VLE) सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। उपस्थित कृषकों द्वारा योजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर पूछे गए प्रश्नों का समाधान मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यशाला में यह स्पष्ट किया गया कि यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, कीट/रोग प्रकोप एवं अन्य जोखिमों की स्थिति में फसल क्षति से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। यह योजना न केवल किसानों की आजीविका की रक्षा करती है, बल्कि कृषि क्षेत्र में स्थिरता और मजबूती भी सुनिश्चित करती है।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी-कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान संचालित करें तथा तकनीकी सहयोग के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों का नामांकन सुनिश्चित करें।



