JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग, समाजसेवी अजय कुमार गोप ने उठाई आवाज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 03 अगस्त : झारखंड में JPSC एवं JSSC की भर्ती परीक्षाओं को लेकर सामने आ रही कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और चयन प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के बीच समाजसेवी अजय कुमार गोप ने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।

गोविंदपुर (राजनगर) निवासी अजय कुमार गोप ने जारी बयान में कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों अभ्यर्थी आज अपने भविष्य को लेकर असमंजस और मानसिक तनाव की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य किसी राजनीतिक बहस का विषय नहीं, बल्कि राज्य के विकास की नींव है। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने मांग की कि विवादित परीक्षाओं की स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पेपर लीक अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता में शामिल दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उत्तर कुंजी, मूल्यांकन एवं चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, अभ्यर्थियों की शिकायतों के लिए प्रभावी हेल्पलाइन एवं ऑनलाइन शिकायत पोर्टल शुरू करने तथा सभी भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की भी मांग की।

अजय कुमार गोप ने कहा कि मेहनती और ईमानदार छात्रों का विश्वास टूटना राज्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन संवेदनशीलता के साथ इस मुद्दे पर आवश्यक कदम उठाकर युवाओं का भरोसा मजबूत करेंगे।

Share This Article