चांडिल, 14 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका मोड़ पर रविवार को आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने चौका मोड़ पहुंचकर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सुदेश महतो को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं समर्थन व्यक्त किया। इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर भी मौजूद थे। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, सुदेश महतो सरायकेला स्थित टाउन हॉल में आयोजित पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाना तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना बताया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, आजसू नेतृत्व राज्यभर में संगठन विस्तार और मजबूती को लेकर विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में सुदेश महतो विभिन्न जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे हैं तथा उन्हें नई ऊर्जा के साथ जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दे रहे हैं।
कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता नंदन कुंज पात्र, प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो, दिगंबर सिंह, तुलसी महतो, दिलीप प्रमाणिक, दिनेश महतो, दिलीप दास, भुवन लोहार, शौभिक हलदार सहित अनेकों स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।